मानव और प्रकृति : विकास या विनाश? [ धरती को घायल कर के, इंसान स्वर्ग की तलाश में है।]

 "मित्रों, विचारों की उड़ान का कोई अंत नहीं। आज मन में एक विचार कौंधा—टूटता हुआ पर्यावरण, बिखरती हुई संतुलन-रेखाएँ, और चारों ओर व्याकुल मनुष्य। इस दृश्य से उपजे भाव आज आपके साथ बाँट रहा हूँ… क्योंकि आज का रंग है प्रकृति का रंग।""ये भाव भले ही नए न हों, किंतु मुझे अटूट विश्वास है कि ये आपके दिल की धड़कनों से अवश्य संवाद करेंगे।"

29.मानव और प्रकृति : विकास या विनाश?

"हवा कहती है, पंछी गाते हैं,नदियाँ बहती हैं, फूल मुस्कुराते हैं।
प्रकृति ने सब कुछ दिया हमें,फिर क्यों हम उसके आँचल को रुलाते हैं?"

आज चारों ओर का दृश्य बड़ा भयावह प्रतीत होता है। केवल एक देश ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व एक अजीब से खौफ़नाक माहौल से गुजर रहा है। कहीं सूखा है तो कहीं बाढ़, कहीं भूकंप है तो कहीं युद्ध, कहीं महामारी से लोग मर रहे हैं। प्रश्न उठता है—आख़िर हुआ क्या है इस मानव को? क्यों वह उसी प्रकृति से खिलवाड़ कर रहा है जिसने उसे जीवन दिया, जिसने उसके जीवन को खुशहाल बनाया?

प्रकृति ने हमें जीवन के लिए सब कुछ प्रदान किया, किंतु मनुष्य ने उसी के उपकारों को भूलकर उसे छिन्न-भिन्न करने का प्रयास शुरू कर दिया। परमात्मा ने जो अदृश्य शक्ति दी, उसका उपयोग समाज की उन्नति के लिए होना चाहिए था, परंतु हम उसे विनाश का कारण बना बैठे।

 विज्ञान और कल्पना की उड़ान

मानव ने कल्पना की और विज्ञान ने उसे वास्तविकता में बदला।

  • उसने सोचा, काश दूर बैठे व्यक्ति से बात की जा सके—तो टेलीफ़ोन का जन्म हुआ।

  • सोचा, काश पक्षियों की तरह उड़ सकें—तो हवाई जहाज़ का आविष्कार हुआ।

  • सोचा, काश घर बैठे दुनिया देख सकें—तो दूरदर्शन आया, फिर मोबाइल और इंटरनेट।

  • गणना की सुविधा के लिए कैलकुलेटर बना और धीरे-धीरे कंप्यूटर ने जीवन की रफ़्तार बदल दी।

जीवन आसान हुआ, लेकिन एक सच यह भी है कि हमारी सोचने-समझने की क्षमता मशीनों पर निर्भर होने लगी।

 प्रकृति का दोहन

जनसंख्या बढ़ी तो अन्न की आवश्यकता भी बढ़ी। खेती के लिए जंगल काटे गए, लेकिन पेड़ दोबारा लगाने का विचार नहीं आया।

"प्रकृति ने हर देश को अलग-अलग संपदाएँ दीं, जिनका उपयोग कल्याण के लिए होना चाहिए था, लेकिन हमने उन्हें संघर्ष और प्रतिस्पर्धा के साधनों में बदल दिया।"

  • धरती का सीना चीर कर पानी निकाला, नदियों का जल बहकर समुद्र में चला गया।

  • खनन से भूमि खिसकने लगी, भूकंप आने लगे।

  • समुद्र में विस्फोट कर सुनामी जैसी आपदाएँ उत्पन्न की गईं।

  • ग्लेशियर पिघलने लगे, पृथ्वी का तापमान बढ़ा और बाढ़ की स्थिति बनने लगी।

 मानवता का सवाल

मनुष्य चाँद और अन्य ग्रहों तक पहुँच गया, किंतु आज भी वह दूसरे के मस्तिष्क में छुपे खतरनाक इरादों को पढ़ नहीं पाया। धर्म चाहे कोई भी हो, हर जगह एक संदेश मिलता है—अंततः अच्छाई ही बुराई पर विजय प्राप्त करती है। पर आज का मानव इतना “एडवांस” हो गया है कि वह इन मूल्यों को भूलता जा रहा है।

 आने वाली पीढ़ी के लिए प्रश्न

हम अगली पीढ़ी को क्या देकर जाएँगे?

  • क्या एक ऐसा संसार जहाँ न पेड़ होंगे, न बाग-बग़ीचे?

  • न सरिताएँ होंगी, न तालाब?

  • बस बारूद, हथियार और प्रदूषण?

या फिर एक ऐसा संसार देंगे जहाँ प्रेम हो, हरियाली हो, मित्रता हो और जीवन के हर रंग हों?

संदेश

प्रकृति में फूल भी हैं और काँटे भी, अमृत भी है और ज़हर भी, आग भी है और पानी भी। प्रेम भी है और घृणा भी, मित्रता भी है और दुश्मनी भी। सुख और दुख दोनों का महत्व है।
चुनना हमें है कि हम किस राह पर चलें। यही हमारी सोच और संस्कारों की असली परीक्षा है।

"आओ मिलकर प्रण करें हम,  धरती का आँचल महकाएँगे।
हरियाली से भर देंगे जीवन,आने वाली पीढ़ी को मुस्कुराएँगे।"


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"सप्तरंग-संघर्ष" - ["जहाँ संघर्ष के सात रंग, ज़िंदगी को नई दिशा देते हैं। पढ़िए, सोचिए, और बदलिए!"]

"बनावट ही बनावट" – एक दिल से निकली सच्चाई [जब एहसास बनावटी हो जाएँ, तो रिश्ते बस नाम के रह जाते हैं]

"बच्चे मंज़िल पाते हैं, शिक्षक फिर भी रोज़ इम्तिहान देता है" ["वो कहानी जिसे हर शिक्षक जीता है, मगर शायद ही कोई सुनता है..."]