शिक्षक दिवस पर विशेष : गुरु को समर्पित जीवन - ["विद्यार्थी की सफलता ही गुरु की पहचान है।"]

 दोस्तों, "चाणक्य ने कहा है कि – शिक्षक वही है जिसके हाथों में राष्ट्र का निर्माण और प्रलय दोनों निहित हैं।ऐसे महान शिक्षकों के चरणों में मैं अपने शब्द-रूपी पुष्प अर्पित करता हूँ। जमाना कितना भी आधुनिक और उन्नत क्यों न हो जाए, शिक्षक का महत्व कभी कम नहीं हुआ है और न कभी होगा।आज भले ही परिस्थितियाँ ऐसी हों कि शिक्षक को वह मुकाम, वह सम्मान न मिल रहा हो, जिसके वे वास्तविक अधिकारी हैं, परंतु सच्चाई यही है कि शिक्षक ही समाज और राष्ट्र की आत्मा हैं।"________________________________________________

27.शिक्षक दिवस पर विशेष : गुरु को समर्पित जीवन 

 ज्ञान की ज्योति

भारत भूमि ज्ञान और संस्कृति की धरा है। यहाँ सदियों से गुरु को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। वेदों में भी कहा गया है –

“गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वरः।
गुरु साक्षात् परब्रह्म, तस्मै श्री गुरवे नमः॥”

5 सितम्बर का दिन हमारे लिए अत्यंत पावन है, क्योंकि इस दिन महान दार्शनिक, शिक्षक और राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी का जन्म हुआ था। उनका मानना था कि "यदि आप मुझे सच्चा सम्मान देना चाहते हैं तो इस दिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाइए।" तभी से यह दिन प्रत्येक शिक्षक के लिए गौरव का प्रतीक बन गया।

गुरु सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, एक अनुभूति हैं

मेरे लिए गुरु केवल वे नहीं हैं जो मुझे कक्षा में पढ़ाते हैं।मेरे जीवन का हर वह व्यक्ति, जो कभी मेरा मार्गदर्शक बना, कभी मेरे संदेह दूर किए, कभी मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया – वह मेरे लिए गुरु है।

“कभी पिता बनकर राह दिखाई,
कभी माँ बनकर हिम्मत दिलाई।
कभी मित्र बनकर साथ निभाया,
कभी विद्यार्थी ने भी गुरु का रूप निभाया।”

इसलिए मैं अपने सभी गुरुजनों – चाहे वे बड़े हों या छोटे, शिक्षक हों या जीवन के साथी – सभी के चरणों में कोटि-कोटि नमन, वंदन और अभिनंदन करता हूँ।

शिक्षा का असली उद्देश्य

शिक्षण केवल किताबों का ज्ञान बाँटना नहीं है। शिक्षा का वास्तविक अर्थ है – इंसान को इंसान बनाना।जब विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता प्राप्त करता है, ऊँचाइयों को छूता है, और अपनी मेहनत व ईमानदारी से समाज और देश का नाम रोशन करता है, तब शिक्षक को जो संतोष मिलता है, उसकी तुलना किसी चीज़ से नहीं की जा सकती।

“विद्यार्थी की जीत ही गुरु की जीत है,
विद्यार्थी की हार ही गुरु की हार।
यही रिश्ता है गुरु-शिष्य का,
यही है इस बंधन की असली पहचान।”

मेरे हृदय में केवल एक ही प्रार्थना है: –

  "ना मुझे कोई राह आसान चाहिए,ना ही मुझे अपनी कोई पहचान चाहिए।

मेरी तो बस एक ही प्रार्थना है भगवान से –मेरे विद्यार्थियों के चेहरे पर सदा प्यारी-सी मुस्कान चाहिए।”

विद्यार्थियों के चेहरे पर यह मुस्कान तभी आती है जब वे जीवन में सफल होते हैं। और सफलता तभी मिलती है जब वे सही मार्ग पर चलते हैं, कठिन परिश्रम करते हैं और ईमानदारी से कार्य करते हैं।

इसलिए मैं परमपिता परमेश्वर से बार-बार यही कामना करता हूँ कि मेरे विद्यार्थी जिस भी क्षेत्र में जाएँ, जिस भी पद पर पहुँचें – वे ऊँचाइयों तक पहुँचें, अपने माता-पिता, गुरु और देश का नाम रोशन करें। और सबसे ज़रूरी – कभी किसी गलत राह पर कदम न रखें।

शिक्षक और शिष्य का अनोखा रिश्ता

शिक्षक और शिष्य का रिश्ता केवल पढ़ाई का रिश्ता नहीं है। यह एक ऐसा बंधन है जो जीवनभर चलता है। शिक्षक अपने शिष्य के लिए केवल पाठ्यपुस्तक का ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि उसे जीने की कला, कठिनाइयों से लड़ने की शक्ति और सही-गलत की पहचान भी देता है।

“गुरु वो दीपक है जो खुद जलकर भी,दूसरों की राह को उजाला करता है।
गुरु वो सागर है जो खुद प्यासा रह जाए,पर अपने शिष्य को ज्ञान से तृप्त करता है।”

 शिक्षा का दिव्य संदेश

शिक्षक दिवस केवल एक औपचारिक दिन नहीं है। यह वह दिन है जब हम गुरु के ऋण को याद करते हैं। जीवन के किसी भी मुकाम पर, यदि हमारे विद्यार्थी सफल होते हैं तो वह सबसे बड़ा सम्मान और सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।

आज मैं अपने सभी गुरुजनों, मार्गदर्शकों और विद्यार्थियों के चरणों में प्रणाम करते हुए यही कहता हूँ –

“शिष्य की मुस्कान में ही गुरु की जान होती है,
शिष्य की सफलता में ही गुरु की पहचान होती है।
गुरु का जीवन तभी सार्थक होता है,
जब उसका शिष्य ऊँचाइयों को छूकर,
समाज और देश का नाम रोशन करता है।”

🙏 आप सभी को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। 🙏


टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"सप्तरंग-संघर्ष" - ["जहाँ संघर्ष के सात रंग, ज़िंदगी को नई दिशा देते हैं। पढ़िए, सोचिए, और बदलिए!"]

"बनावट ही बनावट" – एक दिल से निकली सच्चाई [जब एहसास बनावटी हो जाएँ, तो रिश्ते बस नाम के रह जाते हैं]

"बच्चे मंज़िल पाते हैं, शिक्षक फिर भी रोज़ इम्तिहान देता है" ["वो कहानी जिसे हर शिक्षक जीता है, मगर शायद ही कोई सुनता है..."]