डर: दुश्मन भी, मार्गदर्शक भी! ["डर को समझो, सामना करो – क्योंकि यही डर तुम्हें ऊँचाइयों तक ले जा सकता है।"]

 

प्रिय मित्रों,"
ज़िंदगी के थपेड़ों ने मुझे इतना डरा दिया है कि अब डर मेरे जीवन का हिस्सा बन चुका है।
कभी अभावों से डरता हूँ, कभी कल की अनिश्चितता से।
डर अब ऐसा लगने लगा है जैसे ये मेरा साया हो —
जो हर कदम पर साथ चलता है, पर हल्का नहीं होता।

आज सोचा, क्यों ना इस डर को ही अपनी कलम का विषय बना लूं।
हो सकता है मेरे विचार अधूरे हों, पर दिल से निकले हैं —
शायद आपके दिल को छू जाएं...

___________________________________________________________________________________

23."डर: दुश्मन भी, मार्गदर्शक भी!"

डर के साये में हर कोई जी रहा है यहाँ,
कभी ये सम्भालता है, कभी तोड़ देता है जहाँ।
है ये साया या साया बन चुका है जीवन का हिस्सा,
डर के हर रंग को पहचानना, यही है असली परीक्षा।

डर का दोहरा रूप

ज़िन्दगी में डर का अपना ही महत्व है। कहीं यह हमारे जीवन को संवार देता है, तो कहीं यही डर जीवन को बर्बाद कर देता है।

प्रश्न यह है — क्या हमें डरना चाहिए या नहीं?
क्या यह डर एक कमज़ोरी है, एक बुरी आदत है, या जीवन की सच्चाई?

डर हर किसी के जीवन में है —

  • एक कर्मचारी अपने बॉस से डरता है,

  • बॉस अपने ऊपरी अधिकारी से,

  • गरीब अमीर से डरता है,

  • कमज़ोर ताक़तवर से डरता है।

ये डर कहीं खुद आता है, तो कहीं पैदा किया जाता है — परिवार, समाज और व्यवस्था द्वारा।

डर की जड़ें और असर

एक लाचार व्यक्ति जो हालात का मारा है, जो सही मार्गदर्शन के अभाव में कुछ नहीं कर पाया, अब जब वह परिवार का मुखिया है, तो वह अपने ही बच्चों से डरता है, पत्नी से डरता है, समाज से डरता है — क्योंकि वह कमजोर है, आर्थिक रूप से, मानसिक रूप से।

वह लोगों के सवालों का उत्तर नहीं दे पाता, अमीरों की चालाकी से डरता है।
यह डर उसके अंदर छिपे ज्ञान और आत्मविश्वास को निगल जाता है।

सोचने और समझने की क्षमता कमजोर हो जाती है।

जैसे अभी मैं अपने विचार लिख पा रहा हूं, पर जब मंच पर बोलने की बारी आती है, तो शायद यह शब्द मेरी जुबान तक ना पहुंचें — डर रोक देता है।

डर: कहां जरूरी, कहां नहीं?

कुछ डर फायदेमंद होते हैं:

  • जैसे ऊँचाई से गिरने का डर हमें सतर्क बनाता है।

  • आग से जलने का डर हमें सुरक्षा सिखाता है।

  • एक छात्र परीक्षा को लेकर डरे कि अगर समय पर पढ़ाई नहीं की तो क्या होगा — यह डर भी उचित है।

लेकिन जो डर हमारे बस में नहीं है —

  • जैसे भविष्य की अनिश्चितता,

  • परीक्षा से पहले ही परिणाम का डर,

  • नौकरी छूटने का डर —

    ये हमें खोखला कर देते हैं।

डर विरासत में भी मिलता है

कई बार माता-पिता बच्चों को हर चीज़ से डरा-डरा कर बड़ा करते हैं।
ऐसे बच्चे डर को "सावधानी" नहीं, बल्कि आत्म-हीनता समझ बैठते हैं।
फिर जब वे समाज में निकलते हैं, तो असामाजिक तत्व, गरीबी, और हालात उन्हें और डरा देते हैं।
यह सब इतना ज्यादा हो जाता है कि एक दिन इंसान खुद को अकेला और असहाय महसूस करने लगता है।

गरीबी का डर, बीमारी का डर, परिवार पालने का डर...

डर जो आत्मा को तोड़ देता है

"जब डर आत्मा पर राज करने लगता है, तो इंसान भगवान से भी नजरें चुराने लगता है —
सोचता है, 'कैसे मांगूं उस ऊपरवाले से, ना कभी दान किया, ना मंदिर गया...'
और फिर यही डर उसे धीरे-धीरे अंधविश्वास, नवग्रहों और टोने-टोटकों की कैद में जकड़ लेता है।
हर तरफ शंका, हर कदम पर घबराहट — और अंततः वही डर उसे जीवन से नहीं, मौत की ओर धकेलने लगता है।

घर में डर, बाहर समाज में डर, नौकरी में डर —
वो हर दिन जीता है, पर जीने जैसा कुछ नहीं होता।
ज़िंदगी सांस लेती है, पर आत्मा घुटती रहती है —
एक ऐसा जीवन, जो डर के साये में सिर्फ गुजरता है, सँवरता नहीं।"*

डर को दिशा दो, दुश्मन मत बनाओ

डर अगर सावधानी बन जाए, तो जीवन का रक्षक है।
लेकिन अगर डर आपकी सोच, आत्मा, आत्मबल को कमजोर कर दे,
तो यह सबसे बड़ा दुश्मन बन जाता है।

इसलिए जरूरी है कि हम डर को समझें, उसे संतुलन में रखें,
और जहाँ जरूरी हो वहाँ उसका उपयोग करें —
ना कि उसे अपने ऊपर हावी होने दें।
__________________________________________________________________________

डर के अंधेरे में जो चुप रहता है,
अक्सर वो सबसे ज़्यादा सहता है।
पर जब वही डर कलम बन जाए,
तो सारा ज़माना उस आवाज़ को सुनता है।

__________________________________________________________________________


टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"सप्तरंग-संघर्ष" - ["जहाँ संघर्ष के सात रंग, ज़िंदगी को नई दिशा देते हैं। पढ़िए, सोचिए, और बदलिए!"]

"बनावट ही बनावट" – एक दिल से निकली सच्चाई [जब एहसास बनावटी हो जाएँ, तो रिश्ते बस नाम के रह जाते हैं]

"बच्चे मंज़िल पाते हैं, शिक्षक फिर भी रोज़ इम्तिहान देता है" ["वो कहानी जिसे हर शिक्षक जीता है, मगर शायद ही कोई सुनता है..."]