प — जीवन का सबसे बड़ा सत्य "["एक ऐसा अक्षर, जो आपको रुला भी सकता है... और बना भी सकता है।"]
प्रिय मित्रों,क्या आपने कभी गहराई से सोचा है — शब्दों के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती
शब्द सिर्फ बोलने के लिए नहीं होते, ये हमारे विचारों की आवाज़, भावनाओं की तस्वीर, और संवेदनाओं की आत्मा होते हैं।आज मैं आपके साथ एक बेहद छोटा, लेकिन जीवन बदल देने वाला शब्द साझा कर रहा हूँ —"प"। सिर्फ एक अक्षर — लेकिन इसके भीतर छुपा है पूरा जीवन!
अगर ये किसी के विचारों से मिलते-जुलते लगें, तो वो महज़ एक संयोग है।मुझे विश्वास है — ये विचार आपके दिल तक ज़रूर पहुँचेंगे।शायद वो बातें भी कहेंगे, जिन्हें आपने कभी महसूस तो किया, पर कह नहीं पाए।
___________________________________________________________________________________
"प" — जीवन का सबसे बड़ा सत्य"
[ विजय सिंह सिकरवार]
"न भूख सताती अगर कोई पास होता,
न अश्क बहते अगर कोई ख़ास होता,
जो टूटे हैं आज अपने समझे जाने वाले,
वो भी मेरे साथ होते अगर 'प' साथ होता..."
प — एक व्यंजन नहीं, यह जीवन के हर मोड़ पर हमारा मार्गदर्शक, हमारी परीक्षा, और कभी-कभी तो हमारा पतन भी बन जाता है। "प" से पीड़ा, परेशानी, पतन, पश्चाताप और प्यास जैसे शब्द निकलते हैं, जो एक साधारण मनुष्य को अंदर ही अंदर तोड़कर रख देते हैं, लेकिन यही "प" परिश्रम, प्रेरणा, परिवर्तन, पराक्रम, पहचान, पुनर्जन्म और परमात्मा का भी प्रतीक है, जो मनुष्य को उसकी सीमाओं से परे ले जाने की शक्ति देता है। आज जब मेरी झोली खाली है, तो “प” से पैसा नहीं है, इसलिए “प” से परिवार भी दूर होता जा रहा है, “प” से पत्नी की मुस्कान खो गई है, “प” से पिता की उम्मीदें बुझ गई हैं, “प” से पहचान धुंधली हो गई है, और “प” से प्यारा समाज भी केवल तमाशबीन बनकर खड़ा है, परंतु मैंने जाना है कि "प" से पसीना बहता है तभी "प" से पंख उगते हैं, "प" से पतझड़ आता है तभी "प" से पत्थर फूल बनते हैं, और "प" से परिश्रम हो तो परमात्मा भी पास आ जाता है।
इंसान जब भीतर से बिखरने लगे, जब आँसूओं की धारें शब्दों से तेज़ बहने लगें, जब अपने भी ‘पराए’ दिखने लगें — तो समझो कि जीवन की सबसे गहरी परीक्षा शुरू हो चुकी है। और इस परीक्षा में पास वही होता है जो “प” के गहरे अर्थ को समझता है। “प” से पीड़ा आती है, लेकिन यही पीड़ा कभी प्रज्वलित प्रकाश भी बनती है।
मैंने जीवन में देखा है कि जब जेब खाली होती है, तो इंसान का वजूद भी लोगों की नजरों से गिर जाता है। लोग चेहरा देखकर नहीं, चेकबुक देखकर रिश्ते निभाते हैं। मगर मैं आज भी डटा हूँ, क्योंकि मेरे अंदर “प” से पैदा हुई प्रेरणा अब मुझे हर पल परिवर्तन की ओर ले जा रही है। यही “प” बताता है कि पैसा न हो तो पेट तो भूखा रह ही जाता है, पर आत्मा भी तड़पती है; यही “प” सिखाता है कि पढ़ाई के बिना पहचान अधूरी है, और पहचान के बिना इंसान भीड़ का हिस्सा मात्र।दुनिया चाहे कुछ भी कहे, पर जब तक "प" से प्रयत्न जीवित है, तब तक हार स्थायी नहीं है। “प” हमें घुटनों पर लाता जरूर है, लेकिन उन्हीं घुटनों से एक दिन हम प्रार्थना में बैठकर वो शक्ति अर्जित कर सकते हैं जो पूरी दुनिया को बदल दे। पलायन आसान है, परिवर्तन कठिन... लेकिन यही कठिनता आपको विशेष बनाती है।
पर फिर भी, इसी “प” में एक पल ऐसा आता है जो जिंदगी की धारा को मोड़ सकता है, इसी “प” से एक प्रतिज्ञा जन्म लेती है जो आत्मा को परम बना सकती है। “प” हमें दो राहें देता है — पलायन या परिवर्तन — और मैंने परिवर्तन को चुना है, क्योंकि मैं जानता हूँ कि जब तक “प” जीवित है, तब तक परिस्थिति परास्त नहीं कर सकती। मैंने “प” के हर रूप को जिया है — प्यास बनकर, पराजय बनकर, परंतु अब मैं इसे प्रयत्न, प्रगति और प्रकाश बनाकर जीना चाहता हूँ। मैं चाहता हूँ कि यह लेख उन सभी टूटे हुए दिलों की आवाज़ बने, जिन्हें किसी ने सहारा नहीं दिया, उन चेहरों का आईना बने जिनसे दुनिया ने “पानी” छीन लिया, और उन आत्माओं की पुकार बने जो अभी भी “पैसे” के बिना खुद को अधूरा महसूस करती हैं।
"अगर 'प' से पतझड़ है, तो 'प' से पतंग भी उड़ती है,वो शाम जो तन्हा है, कल उसी से सुबह सजीव खिलती है,बस दिल से लिखी बात को पढ़ो तो सही,शायद मेरी पीड़ा में तुम्हारी भी तन्हाई जुड़ती है..."
______________________________________________________________________________
"शब्दों से खेलते-खेलते जब दिल रोने लगे,समझ लेना कि लेखनी अब आत्मा से लिखी जा रही है।मिलते हैं फिर, एक ऐसे ही विचार के साथ...जो सिर्फ पढ़ा नहीं, जिया जाए..."
Bahut sundar
जवाब देंहटाएंSir sab parmatma ki leela hai jiske ke karan paraya bhi paas aa jata hai aur apna bhi paraya ho jata hai, bas pryas imandari se karte raho ek ek din paisa aur pratistha sab avasykta se adhik milega, jarur. Nice thought sir.
जवाब देंहटाएं