एक शब्द जिसने बदल दी चार चोरों की ज़िंदगी-[ "जिस पल में चुभा कांटा, उसी पल में बदल गया भाग्य!"]
आज आपके साथ एक ऐसी प्रेरणादायक कथा साझा कर रहा हूँ, जिसे मैंने एक संत के श्रीमुख से सुना था। केवल एक शब्द… हाँ, सिर्फ़ एक शब्द — जिसने चार चोरों की पूरी ज़िंदगी की दिशा ही बदल दी।
__________________________________________________________________________
19.एक शब्द जिसने बदल दी चार चोरों की ज़िंदगी
एक लम्हा बदल देता है पूरी ज़िंदगी की राह,
जो कानों तक पहुँचे वो एक सच्ची बात की आह।
संगत सही हो तो पत्थर भी भगवान बन जाए,
वरना हीरा भी गुमनामी में खो जाए।”
एक वचन, एक शब्द, और चार चोरों का बदला जीवन
बहुत समय पहले की बात है, एक कुख्यात चोर था। उसका जीवन चोरी, डकैती और लूटपाट में ही बीतता था। यही नहीं, उसने अपने चारों बेटों को भी यही गलत काम सिखाए। चारों बेटे भी समय के साथ शातिर चोर बन गए। लेकिन वे अपने पिता की हर बात का पालन करते थे।
जब उस चोर का अंतिम समय आया, तो उसने अपने बेटों से एक वचन लिया:
"कभी भी सत्संग में मत जाना, अच्छे काम या धर्म की चर्चा से दूर रहना, नहीं तो तुम्हारा मन बदल जाएगा और हमारा धंधा बंद हो जाएगा।"
चारों बेटों ने अपने पिता से वादा किया कि वे कभी मंदिर, सत्संग या किसी भी धार्मिक या नैतिक कार्य के पास नहीं जाएंगे।
पिता के निधन के बाद चारों भाई चोरी के अपने काम में लग गए। वे इतने चतुर थे कि सब जानते थे वे चोर हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई सबूत कभी नहीं मिल पाता। यहाँ तक कि राजा भी उन्हें सज़ा नहीं दे पाया।
एक दिन राजमहल में खजाना आया...
चारों भाइयों को पता चला कि राजमहल में भारी खजाना आया है। उन्होंने योजना बनाई कि यदि यह खजाना उनके हाथ लग गया, तो उन्हें वर्षों तक कोई चोरी नहीं करनी पड़ेगी।
उन्होंने अपने सबसे छोटे भाई से कहा, "तुम जाओ और पता लगाओ खजाना कहाँ रखा है।"
छोटा भाई बोला, "ठीक है, लेकिन एक समस्या है..."
"क्या समस्या?" भाइयों ने पूछा।
छोटा भाई बोला, "जिस रास्ते से जाना है, वहाँ एक मंदिर पड़ता है, जहाँ भागवत कथा चल रही है। यदि मेरे कानों में पंडित जी के शब्द पड़ गए, तो पिता को दिया वचन टूट जाएगा।"
बड़े भाइयों ने कहा, "तू मंदिर में जाने थोड़े ही जा रहा है, बस कान बंद करके निकल जा।"
उसने अपने दोनों कानों में अंगुलियाँ डाल लीं और चल पड़ा। पर मंदिर के ठीक सामने उसके पैर में काँटा चुभ गया। दर्द असहनीय था। काँटा निकालने के लिए जैसे ही उसने एक उंगली कान से हटाई, पंडित जी के ये शब्द उसके कानों में पड़ गए:
"देवताओं की परछाईं नहीं होती।"
उसे झटका लगा – पिता को दिया गया वचन टूट गया। फिर भी वह गया और खजाने की जानकारी लाकर भाइयों को दे दी। चारों ने मिलकर खजाना चुरा लिया।
राजा का क्रोध और योजना
अगली सुबह राज्य में हाहाकार मच गया। राजा ने सभा बुलाकर कहा, "ये चोरी उन्हीं चार भाइयों का काम है। मुझे सबूत चाहिए, नहीं तो मैं उन्हें दंड नहीं दे सकता।"
एक साहसी महिला मंत्री ने यह जिम्मेदारी ली।
उसने अमावस की अंधेरी रात में देवी दुर्गा का रूप धारण कर उन चोरों के घर का रुख किया। तेज दिव्य प्रकाश में तीन भाई बाहर निकल आए।
महिला मंत्री ने देवी स्वरूप में कहा:
"मैं तुम पर प्रसन्न हूँ। वर मांगो!"
भाई बोले, "हमने ऐसा कौन सा पुण्य किया कि देवी प्रसन्न हो गईं?"
देवी बोलीं, "तुम पिता की आज्ञा का पालन करते हो, इसलिए मैं प्रसन्न हूँ। जो भी धन है, लाओ, मैं उसे दुगना कर दूँगी।"
तीनों भाई धन लाने अंदर गए और लौटकर देवी की आरती करने लगे।
पर एक भाई को हुआ संदेह...
सबसे छोटा भाई नींद से उठा। जब उसने आरती और देवी को देखा, तो चौंक गया।
जैसे ही वह आरती करने लगा, उसे पंडित जी की बात याद आई —
"देवताओं की परछाईं नहीं होती।"
उसने देखा — देवी की परछाईं ज़मीन पर थी।
वह समझ गया — यह कोई देवी नहीं, बल्कि कोई चाल है।
वह तुरंत अंदर गया, तलवार निकाली और चिल्लाया:
"रुको! मैं अभी देवी की परीक्षा लेता हूँ!"
इतना कहते ही वह महिला देवी बनकर आई थी, गायब हो गई।
परिवर्तन की शुरुआत
अब चारों भाइयों को सच्चाई समझ आई।
उन्होंने एक-दूसरे से कहा:
"पंडित जी के एक शब्द ने हमें बचा लिया। यदि हम जीवनभर अच्छे काम करते, तो शायद आज हम कुछ और होते। पिता ने हमें गलत राह दिखाई थी।"
अब उन्होंने एक बड़ा निर्णय लिया —
सारा खजाना लेकर राजा के पास पहुँचे और पूरी सच्चाई बता दी।
राजा ने कहा:
"तुम्हें दंड नहीं, पुरस्कार मिलना चाहिए। अब तुम इस कला का उपयोग राज्य की रक्षा और उन्नति में करो।"
राजा ने उन्हें क्षमा कर राज्य के महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया।
कहानी से सीख:
एक सत्संग का शब्द, एक शुभ वाक्य, एक विचार — जीवन को पलट सकता है।
गलत दिशा से वापस आकर सही राह चुनने वाला ही सच्चा वीर होता है।
सोचिए, अगर हम जीवन में सही संगति करें, सत्संग सुनें, और धर्म की बातों को अपनाएं — तो हमारा जीवन कितना सुंदर और दिव्य बन सकता है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें