मन की गति – ब्रह्मांड से भी तेज ["जिसने मन जीत लिया, उसने जग जीत लिया।"]

 “लफ्ज़ों में छुपा है दिल का अफसाना,
हर बात में है कोई अपना ही फ़साना…”

प्रिय मित्रों,
आज जो कुछ भी मैं लिख रहा हूँ, वह मेरे मन की सीधी उपज है। न मैं कोई संत हूँ, न विद्वान – बस एक सामान्य इंसान, जिसने अपने दिल की बात आपके साथ बाँटने की हिम्मत की है। अगर इसमें कोई कमी या भूल रह गई हो, कोई बात आपको अनुचित लगे, तो मैं सादर क्षमा प्रार्थी हूँ। मेरा उद्देश्य सिर्फ इतना है – जो मन में है, वही शब्दों में उतार दूँ।यह लेख भी उसी सप्तरंगी संघर्ष का एक रंग है, जिसमें हर दिन जीवन अपने नए रूप में सामने आता है।कृपया थोड़ा समय निकालकर इसे पढ़ें और अपने अमूल्य विचारों से मेरा मार्गदर्शन करें।
___________________________________________________________________________________

 16मन की गति – ब्रह्मांड से भी तेज 

“कहाँ चला जाता है मन, पलक झपकते ही,
कभी अतीत में, तो कभी भविष्य की गहराइयों में।”

दोस्तों,
जिंदगी क्या है, ये सवाल हम सबके मन में आता है। यह हमें किस मोड़ पर ले जाएगी, कहां पहुंचाएगी, यह कोई नहीं जानता। आज जब मैं सोच में था कि क्या लिखूं, तो अचानक विचार आया — दुनिया में सबसे तेज गति किसकी है?

कुछ लोग कहेंगे – प्रकाश की। कुछ कहेंगे – हवा की।लेकिन नहीं, दुनिया में सबसे तेज गति होती है "मन" की।

आप जहां बैठे हैं, मैं यदि कहूं कि "आप अपने ऑफिस की उस कुर्सी की कल्पना कीजिए जिस पर आप रोज बैठते हैं", तो आपका मन पलक झपकते ही वहां पहुंच जाएगा। मन ही वह शक्ति है जो हमें बीते कल में ले जा सकता है और आने वाले कल के सपने भी दिखा सकता है।

 मन – सफलता और पतन का द्वार
हमारे जीवन की उन्नति और अवनति में "मन" की भूमिका सबसे बड़ी है। यह हमें शिखर पर भी पहुँचा सकता है और गहरे खाई में भी गिरा सकता है।

“मन के हारे हार है, मन के जीते जीत।”

मन का स्वभाव भी जल की तरह होता है – जैसे पानी हमेशा नीचे की ओर बहता है, वैसे ही मन भी स्वतः नीचे गिरने की प्रवृत्ति रखता है। पानी को रोकने के लिए हम बांध, टंकी, नहरें बनाते हैं — करोड़ों रुपये खर्च होते हैं। लेकिन एक छोटा-सा सुराख भी सारी मेहनत पर पानी फेर सकता है।

ठीक वैसा ही मन है।
अच्छे विचार लाने के लिए कठिन परिश्रम करना पड़ता है, ध्यान लगाना पड़ता है, अच्छे संगति में रहना पड़ता है। लेकिन बुरे विचार बिना बुलाए ही आ जाते हैं।

“बुरे विचारों को रोकना कठिन नहीं, पर उन्हें अनदेखा करना आसान भी नहीं।”

 मन की सफाई और प्रशिक्षण ज़रूरी है
मुझे एक छात्र ने पूछा – “सर, बुरी बातें तुरंत क्यों आ जाती हैं और अच्छी बातें क्यों नहीं?”

मैंने कहा,
"बेटा, जब घर में चैंबर (सेप्टिक टैंक) का ढक्कन खुल जाए, तो उसकी बदबू तुरंत पूरे घर में फैल जाती है, हम बेचैन हो जाते हैं। लेकिन अगर एक कोने में अगरबत्ती लगाई जाए, तो उसकी खुशबू धीरे-धीरे पूरे घर में फैलती है।"

“बदबू तेज़ होती है पर टिकाऊ नहीं, खुशबू धीमी होती है पर स्थायी होती है।”

 मन का नियंत्रण – जीवन की सबसे बड़ी विजय
जिन महान लोगों ने दुनिया में नाम कमाया – चाहे वो वैज्ञानिक हों, संत हों, कवि हों, या नेता – उन्होंने अपने मन को भटकने नहीं दिया। तभी आज उनकी बातों की खुशबू से पूरी मानव जाति लाभान्वित हो रही है।

“बिना मन के नियंत्रण के, ज्ञान भी भ्रम बन जाता है।”

 "हनुमान जी मन की गति से उड़ते थे,

इसी अद्भुत मन की शक्ति के कारण ही उन्होंने विशाल समुद्र को एक ही छलांग में पार कर लिया।
वे लंका पहुंचे, माता सीता जी का संदेश प्राप्त किया, और वह शुभ सूचना भगवान श्रीराम तक पहुँचाई।
यह केवल उनकी भक्ति नहीं, अपितु उनके अडिग मनोबल और अपराजेय मानसिक गति का परिणाम था।
इसलिए ही उन्हें कहा गया —

"मनोजवम् मारुततुल्यवेगम्, जितेन्द्रियम् बुद्धिमताम् वरिष्ठम्..."

वे न केवल वायु के समान वेगशाली थे,बल्कि अपने मन को वश में रखने वाले,बुद्धिमानों में भी श्रेष्ठ थे।

हमारे माननीय प्रधानमंत्री  जी
अक्सर "मन की बात" के माध्यम से पूरे देश से संवाद करते हैं।
यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों के हृदय से जुड़ने का एक माध्यम बन चुका है।

मन के विचारों को खुलकर व्यक्त कर पाना हर किसी के बस की बात नहीं होती।
कई लोग तो पूरे जीवन अपने मन के भावों को न तो कह पाते हैं, न ही किसी से साझा कर पाते हैं।
लेकिन प्रधानमंत्री जी का यह साहस, यह पारदर्शिता, यह आत्मिक जुड़ाव – उन्हें केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक जन-नायक बनाता है।

वे न सिर्फ अपनी बात कहते हैं, बल्कि देश के मन को भी पढ़ते हैं और उसकी भावना को सम्मान देते हैं।

“चलो आज मन को समझाएं, थोड़ा खुद से मिल बैठें,
भीड़ में गुम हो गया जो सपना, उसे फिर से जी लें।
मन को करें साफ, जैसे नदियों की धार,
ताकि जीवन बने खुशबूदार और जीवन हो गुलजार।”

________________________________________________________________________________

अगर आपको यह लेख पसंद आया हो तो कृपया शेयर करें, कमेंट करें और जुड़े रहें हमारे अगले प्रेरणादायक लेख के लिए।

 


टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"सप्तरंग-संघर्ष" - ["जहाँ संघर्ष के सात रंग, ज़िंदगी को नई दिशा देते हैं। पढ़िए, सोचिए, और बदलिए!"]

"बनावट ही बनावट" – एक दिल से निकली सच्चाई [जब एहसास बनावटी हो जाएँ, तो रिश्ते बस नाम के रह जाते हैं]

"बच्चे मंज़िल पाते हैं, शिक्षक फिर भी रोज़ इम्तिहान देता है" ["वो कहानी जिसे हर शिक्षक जीता है, मगर शायद ही कोई सुनता है..."]