शब्द:- संबंधों का अदृश्य सूत्र- [शब्द बनें पुल — मन से मन तक, घर से देश तक]

 मित्रों! जो मैं लिखने जा रहा हूँ, यह संभव है कि इस विषय पर कई विद्वानों ने पहले भी अपने लेख और विचार प्रस्तुत किए होंगे। लेकिन उन लेखकों या विचारकों से मेरे विचारों का कोई मेल आवश्यक नहीं है — क्योंकि वे  विचारक हैं, चिंतक हैं, लेखक हैं, और उनके शब्दों में विद्वता हो सकती है।

परंतु जो कुछ भी मैं कह रहा हूँ — ये मेरे अपने विचार हैं, मेरी आत्मा की आवाज़ हैं। हो सकता है ये आपको पसंद न आएं, लेकिन फिर भी मैं विश्वास से कहता हूँ कि यह लेख परिवार, समाज और देश को एक करने की दिशा में एक छोटी सी भूमिका अवश्य निभा सकता है। और अगर किसी एक हृदय को भी यह छू सके  तो मेरी लेखनी सफल हो जाएगी।___________________________________________________________________________________

6."शब्द - संबंधों का अदृश्य सूत्र"
"शब्द बनें पुल — मन से मन तक, घर से देश तक।

“शब्दों की तासीर समझो, ये जादू से कम नहीं,
मरहम भी हैं, ज़हर भी हैं, ये बस खयाल कम नहीं।”
शब्द — ये केवल बोले जाने वाले अक्षर नहीं, बल्कि वे अदृश्य सेतु हैं जो मन को मन से, हृदय को हृदय से और व्यक्ति को समाज से जोड़ते हैं। जब शब्दों में मधुरता होती है, तो रिश्तों में आत्मीयता बढ़ जाती है, संवाद से विश्वास पनपता है और समाज एकता की डोर में बंध जाता है।
इतिहास में जितनी भी क्रांतियाँ या परिवर्तन हुए, उनके मूल में कहीं न कहीं शब्दों का ही जादू था — किसी नेता का भाषण, किसी माँ की ममता भरी डाँट, किसी शिक्षक की सख्त परंतु प्रेरणादायक वाणी। लेकिन यही शब्द जब कटु हो जाते हैं, अपशब्द बन जाते हैं, तो छोटी सी चिंगारी भी विकराल अग्नि बन जाती है।
"शब्द सँभाल के बोलिए, शब्द के हाथ न पाँव,
एक शब्द औषधि करे, एक शब्द करे घाव।"
यह दोहा इस सच्चाई को दर्शाता है कि शब्दों के न हाथ होते हैं, न पाँव, फिर भी ये सबसे तेज़ी से दिलों तक पहुँच जाते हैं — या तो  स्वस्थ कर देते हैं, या गहरे घाव छोड़ देते हैं।
"आज जब हम देखते हैं कि संबंधों में दूरी बढ़ रही है — भाई-बहन, मित्र, यहाँ तक कि परिवार के सदस्य भी व्यस्तता के कारण एक-दूसरे से बोलचाल बंद कर चुके हैं — तो इसका मुख्य कारण केवल एक है: संवाद का रुक जाना और जब संवाद रुकता है, तब रिश्तों की ज़मीन बंजर होने लगती है, जहाँ न समझ पनपती है और न ही सुलह के बीज अंकुरित हो पाते हैं।"
 शब्दों का प्रवाह ही जीवन की नदी है। रिश्तों में तकरार हो सकती है, बहस हो सकती है, लेकिन जब बातचीत रुक जाती है, तो समझौते के सारे रास्ते बंद हो जाते हैं।
इसीलिए किसी ने बड़ी गहराई से कहा है —
“लड़ लेना, झगड़ लेना, रो लेना, पीट लेना —
लेकिन बोलचाल बंद मत करना।
क्योंकि जब बोलचाल बंद हो जाती है,
तो सुलह के सारे दरवाज़े बंद हो जाते हैं।”
शब्द ही हैं जो जीवन में दिशा देते हैं। यही वाणी हमें बनाती है या गिराती है। कटुता की जगह यदि थोड़ी सी विनम्रता हो, तो संघर्ष भी संवाद में बदल सकता है।और वही संवाद टूटते रिश्तों को फिर से जोड़ सकता है, बिखरते परिवारों को एकजुट कर सकता है, और छिन्न-भिन्न होते समाज को फिर से एकजुटता के सूत्र में बाँध सकता है। ऐसे ही संवादों से देश भी एकजुट होता है, और हर नागरिक में सहयोग की भावना पनपती है।"
“बोल सजे तो मनके खिलें, चुप्पी टूटे संवाद से,
शब्द वही जो जोड़ सके, टूटे रिश्तों के ताज से।
शब्दों की दुनिया महके, हर दिल में उम्मीद जगे,
जहाँ वाणी में हो संयम, वहीं सच्चा भारत जगे।”
________________________________________________________________________

अगर आपको यह लेख पसंद आया हो तो कृपया इस ब्लॉग को Follow करें और अपने सुझाव comments में जरूर दें। 🙏



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"सप्तरंग-संघर्ष" - ["जहाँ संघर्ष के सात रंग, ज़िंदगी को नई दिशा देते हैं। पढ़िए, सोचिए, और बदलिए!"]

"बनावट ही बनावट" – एक दिल से निकली सच्चाई [जब एहसास बनावटी हो जाएँ, तो रिश्ते बस नाम के रह जाते हैं]

"बच्चे मंज़िल पाते हैं, शिक्षक फिर भी रोज़ इम्तिहान देता है" ["वो कहानी जिसे हर शिक्षक जीता है, मगर शायद ही कोई सुनता है..."]