एक शांत सुबह का आत्मिक अनुभव - ["जब शब्दों में सुकून हो, तो मन मौन हो जाता है"]

 "सप्तरंग संघर्ष" में आपका स्वागत है — यहां वो विचार मिलेंगे जो मन को छू जाएं, और आत्मा को शांति दे जाएं।

आज की भोर में, बांसुरी की मधुर धुन ने मेरे भीतर कुछ भाव जगाए हैं — हो सकता है ये हर किसी को न भाएं, पर जो पढ़ेगा, वो सुकून जरूर पाएगा।

5. एक शांत सुबह का आत्मिक अनुभव

आज सुबह जब मैं प्रातः 5 बजे उठा, तो मन ने अनायास ही यूट्यूब पर एक वीडियो खोल दिया  जिसमें बांसुरी की मधुर ध्वनि गूंज रही थी। क्या कहूं, उस पल की शांति ऐसी थी कि जैसे मेरी आत्मा अनंत में रमने लगी हो।
एक अद्भुत सुख, एक गूढ़ सुकून — जिसने मुझे भीतर तक छू लिया।

मन में विचार आया — यही तो है वह अनंत शांति, जिसे पाने के लिए ऋषि-मुनि, संत-महात्मा वर्षों तक तप में लीन रहते थे।
बाहर की दुनिया को भूलकर जब भीतर झांका, तो समझ आया — असली शांति वहीं है,
जहां न कोई चिंता है, न क्रोध, न किसी उपलब्धि की दौड़। बस एक मौन, एक संतुलन, एक आत्मिक आनंद।

हे ईश्वर!
तूने किसी को भी इस धरती पर खाली हाथ नहीं भेजा।
हम कहते हैं कि "खाली हाथ आए थे, खाली हाथ जाएंगे",
पर आज मुझे अहसास हुआ — तूने हमें अनमोल शरीर, विवेक, विचार और अनुभूति की शक्ति दी है।

प्रकृति ने हमें संगीत दिया है —
पक्षियों की चहचहाहट में, पत्तों की सरसराहट में, नदियों की लहरों में, झरनों की रुनझुन में, और बारिश की रिमझिम में।
हे प्रभु! तेरी रचना कितनी सुंदर है…

मैं इस शांत पल को जी भर के जीना चाहता हूं।

मनुष्य जीवन वास्तव में सात रंगों से बना है —
खुशी, प्रेम, दुख, संघर्ष, उम्मीद, हौसला और परिवर्तन।
अगर हम एक बार अपने अंदर की शक्ति और शांति को पहचान लें,
तो ईश्वर का साक्षात्कार यहीं हो सकता है —
क्योंकि वह निश्चल है, अविनाशी है, और हमारी रग-रग में समाया हुआ है।

पर अफसोस...
हमने मोह, लालच, काम, ईर्ष्या, और झूठे सामाजिक नियमों में फंसकर उस शांति को खुद से दूर कर दिया।

संगीत का यह अनुभव केवल प्रकृति में नहीं, रिश्तों में भी है —
मित्रता में है, परिवार में है, जीवनसाथी के साथ की खामोश समझ में है, और देश सेवा में भी है।
बस ज़रूरत है उस "अहसास" की।


हमारी भारतीय संस्कृति आज भी संपूर्ण विश्व को जीने की राह दिखा रही है,
पर हम मान, अपमान, अहंकार और जलन के जाल में उलझते जा रहे हैं —

जबकि यह प्रकृति के विरुद्ध है।

 मान और अपमान तो इस जीवन के छोटे पड़ाव हैं।
कभी मन को चोट लगती है, तो कभी आत्मा रोती है…
पर जो दिल सच्चा है, जो नीयत साफ है, उसे कोई हंसी उड़ाकर नीचा नहीं कर सकता।
हमें खुद पर, अपने कर्म पर, और ईश्वर पर भरोसा रखना होगा।

सबसे बड़ी संपत्ति तो हमारी सांसें हैं, जो जीवन बनाए रखती हैं। जिस दिन ये थम जाएं, सब कुछ समाप्त।

हे प्रभु! तेरी यह रचना, तेरा यह संगीत, और जीवन की यह लीला — अनमोल है।

_____________________________________________________________________

अगर आपको यह लेख पसंद आया हो तो कृपया इस ब्लॉग को Follow करें और अपने सुझाव comments में जरूर दें। 🙏


टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"सप्तरंग-संघर्ष" - ["जहाँ संघर्ष के सात रंग, ज़िंदगी को नई दिशा देते हैं। पढ़िए, सोचिए, और बदलिए!"]

"बनावट ही बनावट" – एक दिल से निकली सच्चाई [जब एहसास बनावटी हो जाएँ, तो रिश्ते बस नाम के रह जाते हैं]

"बच्चे मंज़िल पाते हैं, शिक्षक फिर भी रोज़ इम्तिहान देता है" ["वो कहानी जिसे हर शिक्षक जीता है, मगर शायद ही कोई सुनता है..."]