"एक बेटा भी तो इंसान है"-"एक लेख बेटों के नाम — इसे अवश्य पढ़िए, शायद किसी अनकहे दर्द को समझ सकें।"
प्रिय पाठकों,
जीवन सात रंगों का संगम है — कभी प्रकाश, कभी अंधकार; कभी सृजन, कभी संकोच। सप्तरंग संघर्ष पर मैंने अब तक इन विविध रंगों को उकेरने का प्रयास किया है। आज मैं एक और रंग जोड़ रहा हूँ — एक ऐसा रंग, जो दिखाई नहीं देता, पर हर घर की दीवारों में मौन रूप से छिपा होता है।यह है — "बेटे का मौन संघर्ष"।इस लेख का उद्देश्य किसी का अपमान नहीं है। नारी की गरिमा पर प्रश्न तो उठ ही नहीं सकता — वह तो प्रकृति की धुरी है, संसार की जननी है। पर क्या हम कभी उस शांत, सरल, और जिम्मेदार बेटे की भी बात करते हैं जो बिना कोई शिकायत किए, अपना सब कुछ दे देता है?
वही बेटा जो बचपन से ही जिम्मेदारियों की गाड़ी खींचता है—पहले बेटे की भूमिका, फिर भाई, फिर पति, फिर पिता और फिर एक खामोश कमाने वाला।वह बेटा जो कभी दवाई के लिए पैसों का इंतज़ाम करता है, तो कभी बच्चों की फीस के लिए उधार लेता है, और जब खुद को कोई दुख हो, तो बस चुपचाप तकिए में मुँह छिपा लेता है।वह बेटा जो घर के हर सदस्य के सपनों को अपना मानता है, लेकिन जब उसकी कमाई जरूरतें पूरी नहीं कर पाती, तो वही, उस घर के लिए बोझ बन जाता है। उसे उलाहने मिलते हैं, ताने सुनने पड़ते हैं — कि "देखो, कितना चुपचाप बैठा रहता है, जैसे हमसे कुछ मांगने वाला हो।"यह लेख किसी विद्वता या ज्ञान का प्रदर्शन नहीं है।इस विषय पर कई विद्वानों ने अपने विचार प्रकट किए होंगे पर ,मेरी लेखनी कोई विद्रोह नहीं, बल्कि एक शांत पुकार है —शायद कोई सुने, कोई समझे,और कभी किसी बेटे की चुप्पी के पीछे छिपे आंसुओं को पहचान सके।
_________________________________________________________________________________1
14."एक बेटा भी तो इंसान है"
"जिसने सारे रिश्ते निभाए, बस खुद को भूल गया…"
बेटी को देवी कहा गया, नारी को जननी माना गया,
इन शब्दों में कोई विरोध नहीं – बस एक निवेदन है।
क्या बेटे का भी कोई मन होता है –
यह सवाल पूछना क्या अनुचित है?
मैं भी कभी मासूम था, माँ की गोद में मुस्कराता,
बचपन में मेरे लिए भी परी कथाएं थीं,
लेकिन बड़े होते ही मेरा नाम
"जिम्मेदारी" रख दिया गया।
माँ-बाप का सहारा बनना मेरा सौभाग्य था,
लेकिन जब हालात बदले,
और मैं थककर थोड़ा ठहर गया,
तो यही पूछा गया –
"तू पहले जैसा क्यों नहीं रहा?"
मैं अपनी पत्नी को मुस्कान देना चाहता हूँ,
उसके मायके की बातें भी सुनता हूँ,
पर जब कभी मेरी जेब खाली होती है,
तो मेरी खामोशी को अपराध क्यों माना जाता है?
मैं जानता हूँ – आज मेरी पत्नी दुखी क्यों है,
माता-पिता और परिवार मुझसे दूर क्यों हैं,
क्योंकि मेरी कमाई
उनकी ज़रूरतों की पूर्ति नहीं कर पा रही।
जब मेरा अपना घर ही मेरा नहीं रहा,
तो कौन पूछेगा मुझे?
बल्कि जो जहां है,
वहीं से मेरे टूटेपन का लाभ उठा लेगा।
मुझे अपने कर्तव्यों का अहसास है,
मैं खाली बैठा नहीं हूँ –
हर पल कुछ बेहतर करने की कोशिश करता हूँ,
पर कोई साथ नहीं आता,
ना शब्दों में, ना मौन में।
हर रात मैं अपने आप को अपराधी समझता हूँ –
पत्नी का, बच्चों का, माता-पिता का, परिवार का।
सोचता हूँ –
काश मेरे पास पैसे होते,
तो मैं इन सबकी हर चाहत पूरी कर देता,
क्योंकि किसी को मेरी ज़रूरत नहीं,
सबको पैसों की ज़रूरत है।
हर नारी अपने अधिकारों की हकदार है,
मैं उनका आदर करता हूँ,
बस कभी – सिर्फ कभी,
अगर मैं कुछ न कहूँ, तो क्या वो मेरी विवशता नहीं समझ सकतीं?
नौकरी नहीं रही, रिश्ते छूटते गए,
अब मैं हर शब्द सोचकर बोलता हूँ,
एक कप चाय भी मांगने से डरता हूँ,
कहीं कोई यह न कह दे –
"अब भी मुंह बनाए बैठे हो!"
मैं विरोध नहीं करता, कटाक्ष नहीं करता,
बस अपने हिस्से की तकलीफ़,
मौन में रखता हूँ, सम्मान सहित।
लेकिन एक दिन,
हर माँ, हर पत्नी, हर बहन,
शायद यह कहेगी –
"हमारा बेटा, हमारा पति, हमारा भाई –
वो भी इंसान है।"
उस दिन समाज सच में समर्पित होगा –
नारी को भी, और पुरुष को भी,
बेटी को भी, और बेटे को भी।
तब रिश्ता – "सम्मान" का होगा,
ना कि सिर्फ़ "अपेक्षाओं" का।
जिसकी चुप्पी को सबने ग़लतफ़हमी समझा,
शायद वो एक टूटा हुआ सपना कह रहा था।
___________________________________________________________________________________-
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें