"बच्चे मंज़िल पाते हैं, शिक्षक फिर भी रोज़ इम्तिहान देता है" ["वो कहानी जिसे हर शिक्षक जीता है, मगर शायद ही कोई सुनता है..."]

प्रिय पाठकों,
जो विचार आप इस लेख में पढ़ने जा रहे हैं, वे मेरे जीवन के अनुभवों पर आधारित हैं। यह किसी के प्रति रोष नहीं है, न ही किसी को आहत करने का उद्देश्य है। यह एक सामान्य शिक्षक की वेदना है, जो समाज के उस हिस्से को सामने लाना चाहता है जो अक्सर अनदेखा रह जाता है।

मैं जानता हूँ कि हर व्यक्ति अपने परिवेश, पद और परिस्थितियों के अनुसार सोचता है। लेकिन यह लेख एक सामान्य शिक्षक के दृष्टिकोण से लिखा गया है, जिसकी आवाज़ शायद ही कभी सुनी जाती है। यदि मेरे शब्दों में कोई त्रुटि हो, तो मैं उसे स्वीकार करता हूँ। किन्तु जो परिस्थितियाँ मैंने झेली हैं, वही आपके समक्ष साझा कर रहा हूँ।

संदेश समाज को झकझोरने वाला है, लेकिन आक्रोश नहीं, आत्मचिंतन की ओर ले जाता है।
__________________________________________________________________________4
4."बच्चे मंज़िल पाते हैं, शिक्षक फिर भी रोज़ इम्तिहान देता है"

जय नाम का शिक्षक — नाम बड़ा है, पर किस्मत और हालात ने जैसे उसे हर पन्ने पर मिटा दिया हो। एक ऐसा  शिक्षक, जिसने अपनी जवानी की हर साँस, हर उम्मीद अपने विद्यार्थियों को सफल बनाने में लगा दी। वो खुद की कमीज़ फाड़कर भी दूसरों के सपनों को सिलता रहा… पर जब ज़िन्दगी ने उसकी परीक्षा ली, तो उसके पास जवाब की एक भी पंक्ति नहीं बची थी।

छात्र एक बार परीक्षा देकर नई मंज़िल पा लेते हैं, एक बार पास हो गए तो उनका जीवन बदल जाता है। पर वही शिक्षक — चाहे 25 साल का अनुभव क्यों न रखता हो — हर बार, हर नई जगह, हर नई पीढ़ी के सामने फिर से "डेमो" देना पड़ता है। उसके सामने खड़े लोग उम्र में चाहे आधे हों, लेकिन फैसला वही करते हैं कि “ये शिक्षक योग्य है या नहीं।”
कोई नहीं पूछता कि जिसने जीवन के 25 साल इसी मिट्टी में बोए हैं, क्या वो बरगद नहीं है? क्या उसके अनुभव की छाया में संस्था नहीं फल-फूल सकती?

नहीं, अब वो शिक्षक "पुराने ख्यालात का" कहलाता है। उसे “बदलाव लायक” नहीं समझा जाता। बजाय उसके अनुभव का सम्मान करने के, उसे निकाल बाहर किया जाता है — केवल इसलिए कि अब वो “modern” नहीं दिखता।
क्या ये सही है?

क्या जो 25 साल तक संस्था की नींव रहा, वो अब बोझ हो गया?
अफसोस ये भी है कि जिस शिक्षक ने अपनी पूरी ज़िंदगी दूसरों के भविष्य को सजाने में गुजार दी, वही अपने बच्चों की फीस भरने के लिए कर्ज़ ले रहा है। जय के दोनों बच्चे स्कूल में पढ़ते थे, और हर बार फीस भरने में देर हो जाती। वो हर महीने स्कूल को मैसेज करता – “थोड़ा समय दीजिए, इस बार लेट हो गया।” पर स्कूल तो स्कूल है — बच्चों की फीस की तारीख तय है, उसके बाद लेट फीस जुड़ जाती है।

और फिर… इंजीनियरिंग कॉलेज में तो हालत और भी बुरी हो गई। फीस की देर का मतलब था – डिग्री पर रोक, क्लास में बैठने पर सवाल।
उसने हर बार उधार लेकर फीस भरी, क्योंकि पिता होने की ज़िम्मेदारी शिक्षक होने की मजबूरी से बड़ी थी।

क्या फर्क है एक अमीर और एक गरीब शिक्षक में?
जो संपन्न है, उसे सरकार भी जानती है, समाज भी।

जो संघर्षरत है, उसकी कोई सुनता नहीं।
उसके लिए ना समय पर वेतन है, ना इज्ज़त, ना सहानुभूति।

ऐसे शिक्षकों के लिए कोई लेबर कानून भी नहीं है, वरना वो कम से कम “मज़दूर” ही कहलाते। पर यहाँ तो " शिक्षक" भी नहीं रहे। क्योंकि अब  शिक्षक को हर बार खुद को “साबित” करना पड़ता है।

जो शिक्षक 25 साल एक ही संस्था में रहा हो — "सुबह सबसे पहले आना, बच्चों के भविष्य की चिंता, नए टीचरों को सिखाना, और ज़रूरत पड़ी तो अपनी सैलरी से छात्रों की किताबें तक खरीदना" — उसी को एक दिन कह दिया जाता है, “अब आपकी ज़रूरत नहीं।”

न कोई फेयरवेल, न कोई धन्यवाद।
आज वही शिक्षक दो वक़्त की रोटी के लिए भी लड़ रहा है, और स्कूल वाले बोलते हैं – “सर, और अच्छे टीचर आ गए हैं।”

किसी ने नहीं पूछा कि उस बरगद की जड़ें अब सूख रही हैं, क्या कुछ पानी नहीं दिया जा सकता?
समाज को दिखाने के लिए लोग करोड़ों का दान कर देते हैं, पर एक ज़रूरतमंद शिक्षक की मदद करने से पहले सोचते हैं कि "इससे क्या मिलेगा?"

जो धनी है, उसकी गलतियाँ भी क्षमा हैं; पर जो निर्धन है, उसकी अच्छाइयाँ भी गुनाह हैं।
आज जय जैसे लाखों शिक्षक हैं — जिनकी आँखों में सिर्फ आँसू हैं और दिल में सिर्फ एक ही सवाल – “क्या मेरा जीवन यूं ही बीत जाएगा, बिना सम्मान, बिना पहचान, बस दूसरों की कामयाबी के पीछे?”

और ये कहानी यहीं खत्म नहीं होती ,क्योंकि जय जैसे शिक्षक कभी हारते नहीं।
वो फिर से खड़ा होगा,  फिर से पढ़ाएगा,
    क्योंकि शिक्षक मरता नहीं,  वो हर उस बच्चे में जीता है जो उसकी कक्षा से निकलकर आसमान छूता है।___________________________________________________________________________________ 

अगर आपको यह लेख पसंद आया हो तो कृपया इस ब्लॉग को Follow करें और अपने सुझाव comments में जरूर दें। 🙏


टिप्पणियाँ

  1. सर आपके विचार बहुत ही सटीक एवं स्पष्ट हैं पर समय के साथ हमें भी बदलना होगा क्योंकि एक भावुक, सरल और कल्पनाशील व्यक्ति ही संघर्ष , षडयंत्र एवम् प्रताड़नाओं का शिकार होता हैं बाकी आप मुझसे ज्यादा अनुभवी हैं।

    जवाब देंहटाएं
  2. सर बहुत ही शानदार लेख हैं और सभी को सोचने पर मजबुर करने वाला है....

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"सप्तरंग-संघर्ष" - ["जहाँ संघर्ष के सात रंग, ज़िंदगी को नई दिशा देते हैं। पढ़िए, सोचिए, और बदलिए!"]

"बनावट ही बनावट" – एक दिल से निकली सच्चाई [जब एहसास बनावटी हो जाएँ, तो रिश्ते बस नाम के रह जाते हैं]